रायपुर । रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 पर यात्रियों एवं आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से स्वच्छता विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। सरस्वती शिशु मंदिर देवेंद्र नगर विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय, संवाद और संदेशों के माध्यम से स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

नाटक के माध्यम से यात्रियों से अपील की गई कि वे प्लेटफॉर्म पर कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फेंकें, निर्धारित कूड़ेदान का उपयोग करें और स्टेशन की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। विद्यार्थी ने यह भी संदेश दिया कि स्वच्छ रेलवे स्टेशन केवल रेलवे प्रशासन की नहीं बल्कि प्रत्येक यात्री और नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित यात्रियों एवं नागरिकों से “स्वच्छ स्टेशन,स्वच्छ भारत” के संकल्प के साथ अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में रेल्वे डिपार्टमेंट के डीआरएम दयानंद, रायपुर रेल्वे स्टेशन के मुख्य प्रबंधक आर.पी.मंडल, सरस्वती शिशु मंदिर के सचिव संजय जोशी, प्राचार्य कैलाश तारक उपस्थित थे।



