स्तरहीन राजनीति देश के युवाओं के लिए चिंता का विषय, विपक्ष को अपनी ओछी बयानबाजी पर मांगनी चाहिए माफी: कान्हाराज सिंह
रायपुर । भारतीय जनता पार्टी झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़ के प्रधानमंत्री जी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के प्रदेश प्रभारी कान्हाराज सिंह ठाकुर ने विपक्ष के गैर-जिम्मेदाराना और अमर्यादित बयानों पर गहरी आपत्ति जताते हुए कहा है कि आज देश का युवा वैश्विक पटल पर भारत की बढ़ती ताकत और नेतृत्व क्षमता को देख रहा है, ऐसे में विपक्ष का स्तरहीन राजनीति पर उतर आना बेहद निराशाजनक है।
डिफेंस स्टडीज (रक्षा विभाग) में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त कर चुके युवा नेता ठाकुर ने सामरिक और राजनीतिक दृष्टिकोण से अपनी बात रखते हुए कहा कि कूटनीति, संवाद की गरिमा और अनुशासन राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। राजनीति में वैचारिक मतभेद होना लोकतंत्र की खूबी है, लेकिन व्यक्तिगत हमलों और स्तरहीन भाषा के जरिए राजनीतिक रोटियां सेकना देश की संस्कृति और मर्यादा के खिलाफ है। चुनावी असफलताओं से मानसिक तौर पर विचलित हो चुका विपक्ष आज अपनी बौखलाहट को इस तरह की ओछी बयानबाजी के जरिए बाहर निकाल रहा है।
ठाकुर ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी विजन, विकास और राष्ट्रवाद की राजनीति चाहती है, न कि इस तरह का ओछा राजनीतिक पाखंड। देश की जागरूक जनता और युवा वर्ग इस प्रकार के संस्कारहीन चरित्र को कभी माफ नहीं करेगा। उन्होंने विपक्ष के शीर्ष नेतृत्व से कड़े शब्दों में मांग की है कि वे अपनी वैचारिक दिवालियापन को स्वीकार करें और इस कुत्सित प्रयास के लिए देश की जनता से तत्काल सार्वजनिक माफी मांगें।

