Educationछत्तीसगढ़

व्याख्याता पदस्थापना काउंसिलिंग : पहले दिन 92 प्रतिशत हुए शामिल, 4 का पदोन्नति से इंकार

रायपुर । लोक शिक्षण संचालनालय की ओर सेे व्याख्याता/व्याख्याता एलबी (टी संवर्ग) के पद पर पदोन्नति के बाद पदस्थापना काउंसिलिंग का आयोजन किया जा रहा है। शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय शंकर नगर में आयोजित काउंसिलिंग के पहले दिन दर्ज 209 में से 193 यानी 92.34 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे और 16 अनुपस्थित थे। लोक शिक्षण संचालनालय के उप संचालक व व्याख्याता पदोन्नति के नोडल अधिकारी हिमांशु भारतीय ने बताया कि काउंसिलिंग में उपस्थित 193 में से 185 अभ्यर्थी पदांकन से सहमत थे। जबकि 4 असहमत और 4 ने पदोन्नति से इंकार कर दिया। ऑनलाइन ओपन काउंसिलिंग की प्रक्रिया में उपस्थित अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग के पहले आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सभी अभ्यर्थियों को उनके द्वारा चयनित विद्यालयों में पदस्थापना के लिए पदांकन आदेश दिया गया।

काउंसिलिंग में हिंदी विषय के कुल 74 अभ्यर्थियों में से 68 उपस्थित रहे और सभी 68 ने सहमति दी। अंग्रेजी विषय में 35 में से 29 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जिनमें 24 ने सहमति दी, 3 असहमत रहे और 2 ने पदोन्नति से इनकार किया। संस्कृत में 50 में से 48 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जिनमें 47 ने सहमति और एक ने पदोन्नति से इनकार किया। गणित में 50 में से 48 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जिनमें 46 ने सहमति दी, जबकि एक असहमत रहा और एक ने पदोन्नति से इनकार किया।

– पारदर्शिता के साथ काउंसिलिंग

पदस्थापना के लिए पहुंचे अभ्यर्थियों ने बताया कि काउंसिलिंग पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है। किसी भी शिक्षक को किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं हो रही है। हमें जो स्कूल चाहिए वहीं हमें मिल रहा है। यह काफी अच्छा है। पहली बार हम स्कूल शिक्षा विभाग की ऐसी व्यवस्था देख रहे हैं। जिसमें काफी अच्छे से सभी कार्य किए जा रहे हैं।

– अनुपस्थित के लिए 8 को काउंसिलिंग

काउंसिलिंग में कुल 400 पदोन्नत व्याख्याता शामिल किए गए हैं। 7 अक्टूबर को 191 अभ्यर्थी शामिल होंगे। काउंसिलिंग में उपस्थित नहीं होने वाले शिक्षकों की काउंसिलिंग 8 अक्टूबर को की जाएगी। सभी पदोन्नत व्याख्यताओं को वर्तमान संस्था में कार्यरत होने एवं मूल पदस्थापना की जानकारी संबंधी संस्था प्रमुख द्वारा जारी प्रमाण पत्र लाना होगा। संचालनालय की ओर से 2914 स्कूलों में विषय के अनुसार रिक्त सीटों की जानकारी के साथ ही पदोन्नत व्याख्याताओं की सूची और उनके काउंसिलिंग की तारीख और समय की सूची जारी की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *