Educationछत्तीसगढ़

दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शिक्षक और सहायक शिक्षक भर्ती के आवेदन 15 से 30 अक्टूबर तक, जाने क्या बदला

रायपुर। लोक शिक्षण संचालनालय के अंतर्गत शिक्षक और सहायक शिक्षक पदों पर दिव्यांग अभ्यर्थियों की भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 15 अक्टूबर से शुरू होगी। अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक का समय दिया गया है। शिक्षक भर्ती परीक्षा 20 दिसंबर और सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 6 दिसंबर को आयोजित की जाएगी।

शिक्षक पदों के लिए दिव्यांगता की श्रेणियों में बदलाव

संशोधित विज्ञापन के तहत हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और सामाजिक विज्ञान विषयों के शिक्षक पदों के लिए समाज कल्याण विभाग की 11 सितंबर 2026 की संशोधित अधिसूचना के अनुसार पूर्ण दृष्टिबाधिता और सेरेब्रल पाल्सी को उपयुक्त दिव्यांगता की श्रेणियों में शामिल किया गया है। इसी प्रकार गणित विषय के शिक्षक पद के लिए सेरेब्रल पाल्सी एवं कुष्ठ रोग से उपचारित दिव्यांगता और कृषि विषय के शिक्षक पद के लिए सेरेब्रल पाल्सी को शामिल किया गया है। इसके अलावा दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित पदों का वितरण दृष्टिबाधिता, श्रवण बाधिता, अस्थिबाधिता एवं बहुदिव्यांगता के चार प्रमुख समूहों के अनुसार श्रेणीवार निर्धारित किया गया है।

शिक्षक के 1654 पदों पर होगी भर्ती

लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, संशोधित विज्ञापन के तहत ई-संवर्ग के 868 और टी-संवर्ग के 786 पदों पर भर्ती होगी। इस तरह कुल 1654 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। ई-संवर्ग में हिंदी के 109, संस्कृत के 150, अंग्रेजी के 319, गणित के 135, सामाजिक विज्ञान के 150 और कृषि के 5 पद शामिल हैं। वहीं, टी-संवर्ग में हिंदी के 141, संस्कृत के 150, अंग्रेजी के 185, गणित के 115, सामाजिक विज्ञान के 100 और कृषि के 95 पद हैं।

सहायक शिक्षक पदों के लिए दिव्यांगता की पात्रता में संशोधन

डीपीआई की ओर से जारी शुद्धि पत्र के अनुसार, समाज कल्याण विभाग की 11 सितंबर 2026 की संशोधित अधिसूचना के अनुरूप सहायक शिक्षक पद के लिए चिह्नित उपयुक्त दिव्यांगता की श्रेणियों में ब्लाइंड (बी), डेफ (डी) तथा सेरेब्रल पाल्सी (सीपी) को शामिल किया गया है। इसके साथ ही विस्तृत विज्ञापन की कंडिका 05 के उपखंड (5) को विलोपित किया गया है। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित पदों का समूहवार एवं श्रेणीवार वितरण भी सामान्य प्रशासन विभाग के 5 मार्च 2019 के निर्देशों के अनुरूप जारी किया गया है। इसके तहत दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित, अस्थिबाधित तथा बहुदिव्यांगता से संबंधित समूहों के लिए आरक्षित पदों का विवरण स्पष्ट किया गया है।

सहायक शिक्षक के 2292 पदों पर भर्ती

जारी संशोधित विवरण के अनुसार, सहायक शिक्षक के कुल 2292 पदों पर भर्ती होगी। इनमें ई-संवर्ग के 795 और टी-संवर्ग के 1497 पद शामिल हैं। ई-संवर्ग में रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार-भाटापारा, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, रायगढ़ एवं बिलासपुर जिले शामिल हैं। इसी प्रकार टी-संवर्ग में बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, सुकमा, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, जशपुर, कोरबा, रायगढ़, गरियाबंद एवं बालोद जिले शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *