रायपुर । रायपुर जिले में अभी भी विद्यार्थियों के अपार आईडी का काम पूरा नहीं हो पाया है। जिले में अभी तक 54180 विद्यार्थियों के अपार आईडी अभी तक नहीं बन पाई है। जिससे विद्यार्थियों को योजनओं का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। अपार आईडी जनरेट करने के मामले में सरकारी स्कूलों की अपेक्षा प्राइवेट स्कूल काफी पीछे है। वहीं रायपुर के पांच विकासखंड में से धरसींवा विकासखंड इस मामले में बाकि विकासखंड से काफी पीछे है। अभनपुर विकासखंड में सबसे ज्यादा 92.96 प्रतिशत विद्यार्थियों के अपार आईडी जनरेट किए जा चुके है। वहीं तिल्दा में 91.15 प्रतिशत, आरंग में 90.37, रायपुर में 88.94 और धरसींवा में 88.73 विद्यार्थियों के ही अपार आईडी बन पाए है। रायपुर में पढ़ने वाले कुल विद्यार्थियों का यह 89.70 फिसदी ही है। यह आंकड़ा 2 अक्टूबर तक का है।
– आईडी बनाने में सरकारी स्कूल आगे
अपार आईडी जनरेट करने के मामले में प्राइवेट स्कूल सरकारी स्कूलों से भी पीछे है। जिले में गवर्नमेंट एंड एडेड स्कूल्स में अध्ययनरत कुल 208689 में से 194601 यानी 93.25 प्रतिशत विद्यार्थियों के ही आईडी जनरेट हुई है। वहीं प्राइवेट व मदरसा स्कूल में पढ़ने वाले कुल 324311 विद्यार्थियों में से 283524 यानी 87.42 फीसदी ही विद्यार्थियों की आईडी बन पाई है। रायपुर में कुल 533000 विद्यार्थी है जिनमें से 478125 की आईडी जनरेट हुई है।

– डीईओ के सख्त निर्देश
अपार आईडी जनरेट करने के मामले को गंभीरता से लेते हुए रायपुर जिला शिक्षा अधिकारी एमजी सतीश कुमार की ओर से सख्त निर्देश जारी किए गए है। जिसमें उन्होंने कहा है कि जिले के समस्त विद्यालयो में अध्ययनरत छात्रों का अपार आई.डी. बनाया जाना आवश्यक है। इसके लिए पहले भी राज्य एवं जिला प्रशासन स्तर पर दिशा-निर्देश दिए गए है लेकिन जिले में 54 हजार 180 विद्यार्थियों का अपार आई.डी. बनाया जाना शेष है। निर्देशित किया जाता है कि पत्र प्राप्ति के 3 दिवस के भीतर संस्था के सभी विद्यार्थियों का अपार आई.डी निर्माण कर कार्यालय को कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। कार्य संतोष जनक नही होने की स्थिति में आपके विरूद्ध कार्यवाही करते हुए आपके संस्था को वर्तमान सत्र में शून्य वर्ष घोषित करते हुए मान्यता समाप्ति की कार्यवाही की जाएगी।
रायपुर में अपार आईडी रजिस्ट्रेशन की स्थिति
विकासखंड – कुल विद्यार्थी – आईडी जनरेटेड
अभनपुर – 51190 – 47586
आरंग – 82608 – 74650
धरसींवा – 119201 – 105766
रायपुर – 230193 – 204723
तिल्दा – 49808 – 45400
कुल – 533000 – 478125




