छत्तीसगढ़ : नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों और दिवंगत नागरिकों की याद में बनाए जाएंगे 109 शहीद स्मारक
क्यूआर कोड में मिलेगी शहीदों की बलिदानी गाथा
रायपुर । राज्य निर्माण के बाद नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों और दिवंगत नागरिकों की याद में 109 शहीद स्मारक बनाए जाएंगे। यह स्मारक जवानों और नागरिकों की स्मृति में उनके घटना स्थल तथा संबंधित गांवों में निर्मित होंगे। नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने पुनर्वास व नक्सल प्रभावित परिवारों के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा की और स्मारकों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। गृह मंत्री ने बताया कि यह स्मारक केवल स्मृति स्थल नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को शहीदों के बलिदान और नक्सल हिंसा की घटनाओं से परिचित कराने का माध्यम बनेंगे। इन स्मारकों में क्यूआर कोड लगाए जाएंगे, जिन्हें स्कैन करने पर शहीद, घटना और उनके योगदान से जुड़ी विस्तृत जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।
शहीद परिवारों को शत-प्रतिशत अनुकंपा नियुक्ति
बैठक के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि शहीद परिवारों को शत-प्रतिशत अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जा चुकी है। उप मुख्यमंत्री ने एसआईबी के डैशबोर्ड को नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए ताकि प्रभावित परिवारों व पुनर्वासित व्यक्तियों से संबंधित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की मॉनिटरिंग की जा सके। उन्होंने मैदानी स्तर पर अभियान चलाकर सभी पात्र हितग्राहियों को सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
प्रकरणों का तेजी से निपटारा
गृह मंत्री ने यूएपीए और जनहानि जैसे गंभीर मामलों को छोड़कर अन्य लंबित प्रकरणों का तेजी से निपटारा करने के निर्देश दिए। इसके लिए अधिवक्ताओं, लोक अभियोजन अधिकारियों और शासकीय अधिवक्ताओं का दल गठित कर प्रक्रिया को गति देने कहा गया, ताकि आत्मसमर्पित युवाओं को अनावश्यक परेशानी न हो। उप मुख्यमंत्री ने पुनर्वासित युवाओं की इनाम राशि का बकाया भुगतान इस माह के अंत तक करने के निर्देश दिए। साथ ही, आत्मसमर्पण करने वाले जिन युवाओं की नसबंदी कराई गई थी, उनकी नसबंदी खुलवाने (रिवर्सल) के लिए पहल करने के निर्देश भी दिए।
इलाके का विकास जारी
बैठक में ‘इलवद पंचायत योजना’ के तहत चयनित 50 गांवों में जारी विकास कार्यों की समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रमुख सचिव गृह निहारिका बारिक, सचिव नेहा चंपावत, सचिव हिमशिखर गुप्ता, डीजी पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन पवन देव और एडीजी नक्सल विवेकानंद सिन्हा उपस्थित थे।




