सेवा संकल्प अभियान: 85 संकुलों के बच्चों ने उकेरी विकसित भारत-2047 की तस्वीर, विधायक सुनील सोनी बोले- भारत विश्वगुरु की राह पर
जे. एन. पांडेय स्कूल में सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित, विधायक सुनील सोनी और भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर रहे मौजूद
रायपुर । राजधानी के ऐतिहासिक शासकीय जे. एन. पांडेय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद एवं विधायक सुनील सोनी तथा भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुनील सोनी ने अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्वगुरु बनने के पथ पर मजबूती से कदम रख चुका है। वर्तमान भारत की वैश्विक ताकत का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा, “रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर न केवल यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया, बल्कि तिरंगे की ताकत के बदौलत पाकिस्तानी और अफगानी नागरिक भी सुरक्षित अपने देशों को लौटे।”
कोरोना काल की चुनौतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने न केवल कोविड की विभीषिका से सफलतापूर्वक लड़ाई लड़ी, बल्कि दो-दो स्वदेशी वैक्सीन बनाकर दुनिया के सामने मिसाल पेश की। उन्होंने विश्वास जताया कि देश वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के विजन और सभी लक्ष्यों को अवश्य प्राप्त करेगा।

विधायक सोनी ने भाषण प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं का हौसला बढ़ाया और चित्रकला प्रदर्शनी में लगी कृतियों का बारीकी से अवलोकन कर बच्चों की रचनात्मकता की सराहना की।
प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं ऐसे आयोजन: रमेश सिंह ठाकुर
भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा के विषयों से उपस्थित जनों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपनी अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं।
85 संकुलों के बच्चों ने उकेरी विकसित भारत की तस्वीर

प्रतियोगिता में विकासखंड के 85 संकुलों से चयनित छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने विकसित भारत 2047, ‘मन की बात’, चंद्रयान, वाटर हार्वेस्टिंग और पर्यावरण प्रदूषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रेरणादायक चित्र बनाए। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने महिला सशक्तिकरण और विकसित भारत के विजन पर अपने ओजस्वी विचार रखे। बच्चों की इस अद्भुत सोच और अभिव्यक्ति कौशल ने अतिथियों को खासा प्रभावित किया।
शिक्षकों एवं समन्वयकों का रहा विशेष योगदान
कार्यक्रम के प्रारंभ में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) अमित तिवारी एवं विकासखंड स्रोत समन्वयक (शहरी) नरेंद्र सिंह ठाकुर ने अतिथियों का स्वागत किया और विभाग की ओर से आभार जताया। इस आयोजन को सफल बनाने में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी वंदना शुक्ला, जे. एन. पांडेय स्कूल की प्राचार्य, शैक्षिक समन्वयक उजैर, मनीष देवांगन, अमोल शर्मा, सुधीर सिंह ठाकुर, रीता मंडल, लोकपाल वर्मा, मोहम्मद जीशान, राजेंद्र शर्मा ,योगेश साहू सहित सभी संकुल समन्वयकों और शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।


