कबीरधाम। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कबीरधाम द्वारा VSK (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप में शिक्षकों की शत-प्रतिशत रियल-टाइम उपस्थिति दर्ज न कराने और पोर्टल पर डेटा अद्यतन (अपडेट) न करने के मामले में सख्त रुख अपनाया गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने और लापरवाही बरतने के कारण जिले के 31 शिक्षकों व कर्मचारियों का सितंबर 2026 का वेतन तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित (रोक) कर दिया गया है।
कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेशानुसार, शासन की महत्वाकांक्षी योजना VSK ऐप की मॉनिटरिंग के दौरान पाया गया कि बार-बार निर्देश देने के बावजूद DDO (आहरण संवितरण अधिकारी) द्वारा पोर्टल से सेवानिवृत्त, मृत या स्थानांतरित कर्मचारियों के नाम नहीं हटाए गए थे। साथ ही कई शिक्षक ऐप में अपनी दैनिक उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहे थे।
वेतन रोकने के मुख्य कारण:
जारी सूची के अनुसार, वेतन रोके जाने वाले शिक्षकों में अलग-अलग कारण सामने आए हैं:
एप से इनकार व तकनीकी बहाना: कई शिक्षकों द्वारा ऐप में उपस्थिति दर्ज करने से सीधा इनकार किया गया, तो कुछ ने मोबाइल संचालन न आने या मोबाइल खराब होने का हवाला दिया।
अनधिकृत अनुपस्थिति: कई शिक्षक बिना पूर्व सूचना या स्वीकृत अवकाश के लंबी अवधि से अनुपस्थित पाए गए।
अधूरी उपस्थिति: कुछ शिक्षकों की ऐप में केवल 1 या 2 दिन की ही उपस्थिति दर्ज थी।
DEO का कड़ा निर्देश: जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) और DDO को दो दिनों के भीतर डेटा शुद्ध कर प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने का अंतिम अवसर दिया है।



