विधानसभा चुनाव : 5 राज्यों में इलेक्शन की घोषणा, छत्तीसगढ़ में 7 और 17 नवंबर को वोटिंग

चुनाव आयोग ने पांच राज्यों में चुनाव की घोषणा कर दी हैं। सोमवार को छत्तीसगढ़ के साथ ही राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनावों की तारीख का ऐलान हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि छत्तीसगढ़ में दो फेज में 7 और 17 नवंबर को वोटिंग होगी। इसके साथ ही मध्य प्रदेश में 17 और राजस्थान में 23 नवंबर को मतदान होगा। वहीं, मिजोरम में 7 नवंबर और तेलंगाना में 30 नवंबर को एक ही फेज में वोट डाले जाएंगे। पांचों राज्यों के रिजल्ट 3 दिसंबर को आएंगे।
सभी राज्यों में मौजूदा सरकारों का कार्यकाल दिसंबर 2023 से जनवरी 2024 के बीच खत्म हो रहा है। एमपी में 230 सीटों पर चुनाव होंगे। जबकि, राजस्थान में 200, तेलंगाना में 119, छत्तीसगढ़ में 90 और मिजोरम में 40 सीटों पर चुनाव होंगे।

उन्होंने बताया कि पांचों राज्यों में कुल 16.14 करोड़ मतदाता हैं। इनमें 8.2 करोड़ पुरुष और 7.8 करोड़ महिला मतदाता होंगे। इस बार 60.2 लाख नए मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। इसके लिए पांचों राज्यों की 679 विधानसभा सीटों के लिए 1.77 लाख पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। 60.2 लाख नए मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। इनकी उम्र 18 से 19 साल के बीच है। 15.39 लाख वोटर ऐसे हैं, जो 18 साल पूरे करने जा रहे हैं और जिनकी एडवांस एप्लिकेशन प्राप्त हुआ हैं।
पहली बार तुलसी डोंगरी हिल एरिया में पोलिंग बूथ
छत्तीसगढ़-उड़ीसा बॉर्डर पर चांदमेता और जगदलपुर बस्तर में बसे तुलसी डोंगरी हिल एरिया में पहली बार पोलिंग बूथ बनाया गया है। पहले ग्रामीणों को वोट करने के लिए 8 किमी चलकर बूथ तक जाना पड़ता था। इसके साथ राजस्थान में माझोली बाड़मेर में बूथ 5 किमी दूर था। 49 वोटर्स के लिए नया बूथ 2023 के चुनाव के लिए बनाया गया है। चुनावी गतिविधियों पर सी विजिल एप के जरिए नजर रखी जाएगी। लोग एप के जरिए ही शिकायत कर सकेंगे।