रविवि : 40 हजार विद्यार्थियों का एबीसी आईडी डेटा गलत
रायपुर । पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की मार्कशीट को लेकर एक और गंभीर समस्या सामने आई है। बलौदाबाजार स्थित दाऊ कल्याण महाविद्यालय के विद्यार्थियों के मार्कशीट में एबीसी आईडी गलत दर्ज होने के साथ डिसिप्लिन संबंधी जानकारी भी गलत दर्ज की जा रही है। इसके अलावा कई मार्कशीट में नैक की जानकारी लिखने में भी त्रुटियां हैं। विद्यार्थियों ने बताया कि इन त्रुटियों को सुधारने के लिए महाविद्यालय स्तर पर कोई स्पष्ट सूचना या व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई गई, जिसके कारण विद्यार्थी अपनी मार्कशीट में सुधार कराने के लिए अलग-अलग स्थानों से विश्वविद्यालय पहुंचने को मजबूर हैं। एनएसयूआई के पुनेश्वर लहरे ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन से चर्चा के दौरान उन्हें जानकारी दी गई कि लगभग 40 हजार विद्यार्थियों का एबीसी आईडी डेटा गलत आने की समस्या सामने आई है। मार्कशीट में जानकारी में गलती होने पर आगे प्रवेश, दस्तावेज सत्यापन और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं में विद्यार्थियों को परेशानी हो सकती है।


एबीसी आईडी 12 अंकों की पर रिजल्ट में 8 ही
पुनेश्वर लहरे ने विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मार्कशीट में दर्ज त्रुटियों को तत्काल सुधारने की मांग की है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर विद्यार्थियों को यह बताया जा रहा है कि एबीसी आईडी की गलती विद्यार्थियों की स्वयं की वजह से हुई है। जबकि विद्यार्थियों का कहना है कि एबीसी आईडी 12 अंकों की पहचान संख्या होती है और विश्वविद्यालय की प्रक्रिया में 8 अंकों के डेटा को लेकर भी समस्या सामने आ रही है। ऐसे में पूरे मामले की तकनीकी जांच आवश्यक है।
– मामले की तकनीकी जांच करने की मांग
विद्यार्थियों ने मार्कशीट में हुई त्रुटियों की तत्काल पहचान करने की मांग की है। साथ ही एबीसी आईडी संबंधी गलत डेटा को विश्वविद्यालय स्तर पर सुधारने, डिसिप्लिन और नैक सहित अन्य गलत प्रविष्टियों को बिना विद्यार्थियों को परेशान किए ठीक किए जाने, महाविद्यालयों को स्पष्ट सूचना एवं सुधार की प्रक्रिया उपलब्ध कराए जाने, पूरे मामले की तकनीकी जांच कर त्रुटि के लिए जिम्मेदार व्यवस्था की जवाबदेही तय की जाने की भी मांग की है।




