नोटिस से घबराएं नहीं, विभाग व्यापारियों का मित्र और मार्गदर्शक
एक प्रदेश – एक दिन – एक संवाद” बना ऐतिहासिक पहल, प्रदेशभर में व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच हुआ सीधा संवाद
रायपुर । कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट ) छत्तीसगढ़ और आयकर विभाग की ओर से प्रदेश स्तरीय व्यापारी कर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एक प्रदेश- एक दिन- एक संवाद की संकल्पना के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित की गई। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, धमतरी एवं जगदलपुर जिले में आयकर विभाग के अधिकारियों ने व्यापारियों से सीधे संवाद करते हुए कर संबंधी प्रावधानों, प्रक्रियाओं, अनुपालन एवं विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। कैट के प्रदेश मुख्यालय में मंख्य अतिथि मुख्य आयकर आयुक्त रायपुर संजीव ने व्यापारियों से सीधे संवाद करते हुए कर व्यवस्था, जागरूकता एवं स्वैच्छिक अनुपालन के महत्व पर चर्चा की और कहा कि यह सिर्फ प्रथम चरण में छत्तीसगढ़ के प्रमुख जिलों में यह संवाद हुआ है। अगले चरण में छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में कैट एवं आयकर विभाग मिलकर इस व्यापारी संवाद को आगे बढ़ाएगे। उन्होंने कहा कि नोटिस से घबराएं नहीं, विभाग आपके लिए मित्र और मागदर्शक की तरह है। कार्यक्रम में प्रमुख आयकर आयुक्त-1 मुनीश कुमार, अतिरिक्त आयकर आयुक्त चिलाकला राजेश्वर रेड्डी, उप आयकर आयुक्त-1(1) डॉ. गगन गिरी गोस्वामी, कैट छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, सीए मुकेश मोटवानी व अन्य मौजूद रहे।
– व्यापारियों और विभाग के बीच संवाद को मजबूत करने नई पहल
कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन अमर पारवानी ने कहा कि व्यापारी कर संवाद व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच विश्वास, पारदर्शिता एवं सकारात्मक संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक नई पहल है। राज्य में पहली बार एक ही दिन प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक साथ आयोजित यह अभियान अपने आप में एक अनूठा मॉडल है। व्यापारी और सरकार एक-दूसरे के सहयोगी हैं। जब व्यापारी को नियमों की सही और सरल जानकारी मिलेगी और विभाग व्यापारियों की वास्तविक समस्याओं को समझेगा, तो इससे स्वैच्छिक कर अनुपालन बढ़ेगा और प्रदेश के व्यापारिक वातावरण में और अधिक विश्वास एवं पारदर्शिता आएगी।




