रायपुर । इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ की नई कुलपति प्रोफेसर डॉ लवली शर्मा को नियुकत किया गया है। राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति रमेन डेका ने डॉ. लवली शर्मा को खैरागढ़ विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है। डॉ. लवली शर्मा वर्तमान में दयालबाग शैक्षणिक संस्थान आगरा (उत्तर प्रदेश) में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। वे संस्थान के डिपार्टमेंट ऑफ म्यूजिक की हेड भी हैं।
डॉ. लवली के कार्यकाल, उपलब्धियां तथा सेवा शर्ते विश्वविद्यालय अधिनियम एवं परिनियम में निहित प्रावधान अनुसार होंगी। उनकी नियुक्ति इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय अधिनियम 1956 (संशोधन) अधिनियम 2021 की धारा 12 की उपधारा (1) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए की गई है।
– संंगीत पर 26 शोध प्रकाशन और 7 पुस्तकें
प्रो. लवली शर्मा ने म्यूूजिक वोकल में पीएचडी और म्यूजिक में ही डी लिट की है। उन्होंने संगीत चिकित्सा, संगीतशास्त्र, संगीत शिक्षा, संगीत के घराने और लोक संगीत पर शोध भी किया हैं। उनके नाम 26 शोध प्रकाशन और 7 पुस्तकें हैं। वह अंतरराष्ट्रीय ख्याति की संगीतज्ञ और संगीत चिकित्सक हैं और उन्होंने सितार की मैहर परंपरा के तहत प्रशिक्षण लिया है।