Educationछत्तीसगढ़

कृषि शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्य नहीं, बीएड अभ्यर्थी ही पात्र

शिक्षक के 1654 पदों पर होगी भर्ती, आवेदन 2 सितंबर तक

रायपुर । लोक शिक्षण संचालनालय के अंतर्गत शिक्षक पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा के आवेदन की प्रक्रिया शुरु हो गए है। जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, शिक्षक ई संवर्ग के 868 और टी संवर्ग के 786 यानी कुल 1654 पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छूक व पात्र अभ्यर्थी 2 सितंबर, शाम 5 बजे तक छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट से ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। आवेदन प्रक्रिया में खास बात यह है कि शिक्षक पदों के लिए बीएड के साथ टीईटी अनिवार्य है लेकिन कृषि शिक्षकों के लिए यह अनिवार्यता नहीं रखी गई है। कृषि शिक्षकों के पद पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थी के लिए केवल बीएड अनिवार्य है टीईटी नहीं। निर्देशों में कहा गया है कि शिक्षक कृषि की पदस्थापना हायर सेकंडरी विद्यालयों में की जाती है एसलिए बीएड उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा लेकिन टीईटी उत्तीर्ण अनिवार्य नहीं है। साथ ही शिक्षक पद के अभ्यर्थी विज्ञापित पदों में से किसी एक विषय के लिए ही आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी परीक्षा के संबंध में अधिक जानकारी के लिए मंडल की वेबसाइट देख सकते हैं।

महत्वपूर्ण तिथियां :

ऑनलाइन आवेदन : 2 सितंबर, शाम 5 बजे तक

आवेदन में त्रुटि सुधार : 3 से 5 सितंबर ,शाम 5 बजे तक

प्रवेश पत्र संभावित : 19 अक्टूबर

परीक्षा संभावित : 25 अक्टूबर

बिलासपुर में सबसे ज्यादा पद

नोटिफिकेशन के अनुसार, शिक्षक ई संवर्ग में कुल 868 और टी संवर्ग में 786 पदों पर भर्ती की जाएगी। ई संवर्ग में रायपुर संभाग में 209, सरगुजा में 40, बिलासपुर में 270, दुर्ग में 354 पद है। वहीं टी संवर्ग में सरगुजा संभाग में में 265, बिलासपुर में 130, रायपुुर में 56, दुर्ग में 50, बस्तर में 285 शिक्षकों के पद है। विषय वार शिक्षकों की बात की जाए तो ई संवर्ग में हिन्दी विषय के 109, संस्कृत के 150, अंग्रेजी के 319, गणित के 135, सामाजिक विज्ञान के 150 और कृषि के 5 शिक्षक पदों पर भर्ती की जाएगी। ऐसे ही टी संवर्ग में हिन्दी विषय के 141, संस्कृत के 150, अंग्रेजी के 185, गणित के 115, सामाजिक विज्ञान के 100 और कृषि के 95 पदों पर भर्ती होगी।

जाने क्या हैं योग्यता

शिक्षक पदों के लिए आवेदन के लिए अभ्यर्थी के पास स्नातक और प्रारंभिक शिक्षा शास्त्र में द्विवर्षीय डिप्लोमा या 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक व बीएड में एक वर्षीय स्नातक या 50 प्रतिशत अंकों के साथ उच्चतर माध्यमिक व चार वर्षीय बीएएड, बीएससीएड, बीएड हो, या 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक व बीएड विशेष शिक्षा में एक वर्षीय स्नातक के साथ ही टीईटी उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *