रायपुर । हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा फीस में बढ़ोतरी की गई है। मंडल ने परीक्षा शुल्क सहित परीक्षा के पहले और बाद में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया और जरुरी दस्तोवजों के शुल्क में भी बढ़ोतरी की है। यह वृद्धि अगले सत्र 26-27 से लागू होगी। माशिमं ने वित्त समिति एवं कार्यपालिका समिति की अक्टूबर, दिसंबर में हुई बैठकों के हवाले से वृद्धि करने का निर्णय लिया है। यह शुल्क 2021 के बाद बढ़ाई गई है। 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए नियमित परीक्षा शुल्क, अंक पत्र और प्रति विषय प्रैक्टिकल को मिलाकर पहले 460 रुपए देने होते थे। अब इसके लिए 800 रुपए देने होंगे। इसी तरह आवेदन फार्म के लिए अब 70 रुपए ज्यादा देने होंगे। पहले 80 रुपए देने होते थे, लेकिन अब 150 रुपए देने होंगे। नियमित आवेदन पत्र तय समय में जमा नहीं करने पर प्रति परीक्षा 31 दिसंबर तक के लिए 2 हजार रुपए देने होंगे। पहले इसके लिए 1540 रुपए देने होते थे।
– 22 मदों में शुल्क वृद्धि का निर्णय
10वीं और 12वीं के परीक्षा शुल्क में वृद्धि का निर्णय कार्यपालिका समिति की बैठक में लिया गया। समिति ने 22 मदों में वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इसमें नामांकन शुल्क, अतिरिक्त विषय, एक विषय- दो विषय (द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा), स्वाध्यायी छत्तीसगढ़ राज्य से बाहर के छात्रों के लिए पंजीयन एवं अनुमति शुल्क, स्वाध्यायी छत्तीसगढ़ राज्य के नवीन छात्रों के लिए पंजीयन एवं अनुमति शुल्क जैसे 21 मदों के शुल्क में लगभग डेढ़ से दुगुनी वृद्धि की गई है।
– पंजीयन एवं अनुमति शुल्क 1540 से दो हजार रुपए
छत्तीसगढ़ राज्य के स्वाध्यायी एससी/एसटी छात्रों के पंजीयन एवं अनुमति सहित लिए जाने वाले शुल्क में भी लगभग डेढ़ गुनी वृद्धि की गई है। पहले जहां इसके लिए 560 रुपए देने होते थे। वहीं, अब इसके लिए 800 रुपए देने होंगे। हालांकि,स्वाध्यायी राज्य के नए छात्रों और बाहर के छात्रों के पंजीयन एवं अनुमति सहित लिए जाने वाले शुल्क में 560 रुपए की वृद्धि की गई है। पहले 1540 रुपए देने होते थे, लेकिन अब दो हजार रुपए देने होंगे। इसके अलावा एक विषय और दो विषय (द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा) के शुल्क में भी लगभग डेढ़ गुना वृद्धि हुई है। एक विषय के लिए 280 रुपए के स्थान पर 4 सौ रुपए और दो विषय के लिए 340 रुपए के स्थान पर 600 रुपए देने होंगे।



